Lockheed Martin ने लॉन्च किया MORFIUS X-Rotor, एक उड़ान में 50+ ड्रोन गिराने वाला HPM Counter-Drone System
आधुनिक युद्धों में ड्रोन अब सबसे बड़े खतरों में से एक बन चुके हैं. यूक्रेन युद्ध से लेकर मध्य पूर्व तक, कम लागत वाले कमर्शियल ड्रोन और ड्रोन स्वार्म ने पारंपरिक वायु रक्षा प्रणालियों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है. इसी खतरे से निपटने के लिए अमेरिकी रक्षा कंपनी Lockheed Martin ने अपना नया MORFIUS X-Rotor (Mobile Radio Frequency-Integrated Unmanned Interceptor System) काउंटर-ड्रोन सिस्टम पेश किया है.
यह एक High Power Microwave (HPM) आधारित एयरबोर्न काउंटर-ड्रोन सिस्टम है, जिसे विशेष रूप से आधुनिक युद्धक्षेत्र में तेजी से बढ़ते कमर्शियल और स्वार्म (Swarm) ड्रोन खतरों से निपटने के लिए विकसित किया गया है.
50 से अधिक दुश्मन ड्रोन को निष्क्रिय करने की क्षमता
कंपनी के अनुसार, MORFIUS X-Rotor एक ही उड़ान में 50 से अधिक दुश्मन ड्रोन को निष्क्रिय करने की क्षमता रखता है. पारंपरिक मिसाइल या गन-आधारित काउंटर-ड्रोन सिस्टम के विपरीत यह हाई-पावर माइक्रोवेव ऊर्जा का उपयोग कर एक साथ कई ड्रोन के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को निष्क्रिय कर सकता है.
यह सिस्टम फील्ड-रिकवरबल और री-यूजेबल है, जिससे प्रति लक्ष्य (Cost Per Kill) की लागत काफी कम हो जाती है. यही कारण है कि इसे लंबे समय तक चलने वाले संघर्षों में अधिक किफायती समाधान माना जा रहा है.
कंपनी के अनुसार MORFIUS की एक बड़ी विशेषता यह है कि यह किसी विशेष सेंसर या फायर कंट्रोल रडार पर निर्भर नहीं है. यह विभिन्न प्रकार के सेंसर और कमांड एंड कंट्रोल (C2) नेटवर्क के साथ काम कर सकता है, जिससे इसे मौजूदा सैन्य एयर डिफेंस सिस्टम में आसानी से एकीकृत किया जा सकता है.
Lockheed Martin फिलहाल MORFIUS और उसके HPM पेलोड के प्रोटोटाइप का उत्पादन तेज कर रही है. कंपनी जल्द ही इसके अगले चरण के फ्लाइट टेस्ट आयोजित करेगी. इससे पहले एरिज़ोना, कैलिफ़ोर्निया और ओक्लाहोमा में उड़ान, इंटरसेप्ट और मारक क्षमता से जुड़े कई परीक्षण सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं.
कंपनी का कहना है कि MORFIUS का विकास अमेरिकी रक्षा विभाग (Department of Defense) की 2025-2028 Rapid Response Counter-UAS Roadmap के अनुरूप किया गया है. इसका उद्देश्य अमेरिकी और सहयोगी देशों की सेनाओं को कम लागत में प्रभावी काउंटर-ड्रोन क्षमता उपलब्ध कराना है.