Germany का घातक रोबोटिक हथियार तैयार! Ziesel UGV से पहली बार दागी गई SPIKE LR मिसाइल
Germany की रक्षा कंपनी Diehl Defence ने मानव रहित जमीनी युद्ध प्रणाली (UGV) के क्षेत्र में एक बड़ा मील का पत्थर हासिल किया है. कंपनी ने RAFAEL Advanced Defense Systems और EuroSpike GmbH के साथ मिलकर पहली बार Ziesel UGV प्लेटफॉर्म से SPIKE LR गाइडेड मिसाइल का सफल लाइव फायरिंग परीक्षण किया है.
पांच दिनों तक चले इस परीक्षण अभियान में कुल 17 SPIKE LR मिसाइलें दागी गईं. सभी मिसाइलों ने अपने लक्ष्यों को सफलतापूर्वक भेदा और Ziesel प्लेटफॉर्म ने लगातार फायरिंग के दौरान आने वाले भारी दबाव और कंपन को सहन करते हुए शानदार प्रदर्शन किया. इसके साथ ही Diehl Defence Ziesel दुनिया का पहला ऐसा आधुनिक UGV सिस्टम बन गया है, जिससे आधुनिक एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल को सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया.
यह उपलब्धि Enforce Tac 2025 प्रदर्शनी में Ziesel को SPIKE लॉन्चर के साथ पहली बार पेश किए जाने के केवल तीन महीने बाद हासिल हुई है. SPIKE LR एक अत्याधुनिक एंटी-आर्मर मिसाइल है, जो हर मौसम में काम करने वाले उन्नत ऑप्ट्रोनिक सेंसर से लैस है और दुश्मन के बख्तरबंद वाहनों को बेहद सटीकता और जबरदस्त मारक क्षमता के साथ निशाना बना सकती है.
Diehl Defence के अनुसार, इस्तेमाल किया गया Ziesel UGV अपने पुराने संस्करणों की तुलना में हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर दोनों स्तर पर काफी उन्नत है. इस प्लेटफॉर्म का पहले लॉजिस्टिक सपोर्ट, CASEVAC (घायलों की निकासी) और अन्य मिशनों में परीक्षण किया जा चुका है, लेकिन पहली बार इसे हथियार वाहक (Effector Carrier) के रूप में इस्तेमाल किया गया.
इस UGV में Diehl Defence का PLATON Autonomy Kit भी लगाया गया है, जो इसे पूरी तरह स्वायत्त (Fully Autonomous) संचालन क्षमता देता है. फिलहाल जर्मनी और यूक्रेन समेत कई देशों की सेनाएं इस सिस्टम का परीक्षण कर रही हैं.
परीक्षणों के सफल समापन के बाद कंपनियों ने कहा कि वे इस प्रोजेक्ट के अगले चरणों पर तेजी से काम करेंगी और जल्द ही विभिन्न देशों की सेनाओं के प्रतिनिधियों के सामने इसका लाइव प्रदर्शन भी किया जाएगा.
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य के युद्धों में ऐसे मानव रहित हथियार प्लेटफॉर्म सैनिकों को सीधे खतरे से दूर रखते हुए युद्धक्षेत्र में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं.