India और Oman की नौसेनाओं के बीच 15वां समुद्री अभ्यास ‘Naseem Al Bahr’ आयोजित
Indian Navy और Royal Navy of Oman ने द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘Naseem Al Bahr का 15वां संस्करण आयोजित किया. इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच परिचालन तालमेल बढ़ाना, पेशेवर सहयोग को मजबूत करना और आपसी समझ विकसित करना था. रक्षा मंत्रालय ने 11 नवंबर 2026 को इसकी जानकारी दी.
अभ्यास के बंदरगाह चरण के दौरान भारतीय नौसेना और ओमान रॉयल नेवी की विशेषज्ञ टीमों के बीच विषय विशेषज्ञ आदान-प्रदान (SMEE) आयोजित किए गए. इनमें विस्फोटक निस्तारण (EOD), समुद्री सुरंगों का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने तथा जलराशि विज्ञान (Hydrography) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई. इन गतिविधियों के माध्यम से दोनों देशों के नौसैनिक विशेषज्ञों ने अपने पेशेवर ज्ञान और परिचालन अनुभव साझा किए.

इसके बाद समुद्री चरण में भारतीय नौसेना के युद्धपोत INS सूरत और ओमान रॉयल नेवी के जहाज अल-मुअज्जर ने संयुक्त परिचालन गतिविधियों में हिस्सा लिया. इसमें संयुक्त दौरे, बोर्डिंग, तलाशी और जब्ती (VBSS) अभ्यास तथा क्रॉस-डेक ऑपरेशंस शामिल थे. इन गतिविधियों के दौरान दोनों नौसेनाओं के कर्मियों को संयुक्त प्रक्रियाओं का अभ्यास करने और समुद्र में एक-दूसरे के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने का अवसर मिला.

भारत-ओमान समुद्री सहयोग को मिलेगी मजबूती
‘नसीम अल बहर’ अभ्यास भारत और ओमान के बीच मजबूत समुद्री साझेदारी को दर्शाता है. यह दोनों देशों की नौसेनाओं की समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है. इस अभ्यास से क्षेत्रीय समुद्री साझेदारों के साथ भारतीय नौसेना का सहयोग भी मजबूत होता है.

यह भारत सरकार के ‘महासागर’ (MAHASAGAR) विजन के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति को बढ़ावा देना है.