China ने टेस्ट किया नया Naval Air Defense System, Hypersonic मिसाइल और Sea-Skimming ड्रोन को मार गिराने का दावा
China की नौसेना ने अपने नए टर्मिनल एयर-डिफेंस और एंटी-मिसाइल सिस्टम का सफल परीक्षण किया है. यह परीक्षण हाल ही में बोहाई सागर में चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) नेवी की एक टेस्ट और ट्रेनिंग यूनिट द्वारा किया गया. चीन की सरकारी मीडिया CCTV की रिपोर्ट के अनुसार, इस सिस्टम ने जटिल इलेक्ट्रोमैग्नेटिक माहौल और समुद्र की सतह के बेहद करीब उड़ने वाले हाई-स्पीड ड्रोन टारगेट्स को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया.
रिपोर्ट में दिखाए गए वीडियो में कई हाई-स्पीड ड्रोन बेहद कम ऊंचाई पर “सी-स्किमिंग” उड़ान भरते हुए जहाजों पर हमला करने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन नए सिस्टम ने उन्हें हवा में ही मार गिराया. विशेषज्ञों के मुताबिक यह परीक्षण केवल सामान्य ड्रोन हमलों के लिए नहीं था, बल्कि इसे हाइपरसोनिक मिसाइल जैसे खतरों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया था.
रिपोर्ट के अनुसार, इस सिस्टम में कई प्रकार के उपकरण शामिल हैं. इसमें टारगेट डिटेक्शन सिस्टम, गाइडेंस रडार, शॉर्ट-रेंज एयर-डिफेंस मिसाइल और क्लोज-इन डिफेंस गन शामिल हैं. इन सभी सिस्टम्स को एक साथ तालमेल में काम करना होता है, तभी जहाज को मिसाइल और ड्रोन हमलों से बचाया जा सकता है.
CCTV की रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि परीक्षण के दौरान इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग यानी भारी इलेक्ट्रॉनिक हस्तक्षेप का माहौल बनाया गया था. आधुनिक युद्ध में इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर बेहद अहम हो चुकी है, इसलिए नए सिस्टम की एंटी-जैमिंग क्षमता भी परखी गई. विशेषज्ञों के मुताबिक यह सिस्टम भारी इलेक्ट्रॉनिक हस्तक्षेप के बावजूद अपने टारगेट को ट्रैक और इंटरसेप्ट करने में सक्षम रहा.
सबसे ज्यादा चर्चा उस वीडियो की हुई जिसमें कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की स्क्रीन को भारी ब्लर किया गया था.
विशेषज्ञों का दावा है कि यह सिस्टम समुद्र की सतह से केवल 5 से 10 मीटर ऊपर उड़ने वाले टारगेट्स को भी मार गिराने में सक्षम है. इतनी कम ऊंचाई पर इंटरसेप्शन को विश्वस्तरीय क्षमता माना जाता है. वांग युनफेई ने यह भी कहा कि सिस्टम संभवतः “काइनेटिक किल” तकनीक और एडवांस फायर-कंट्रोल एल्गोरिद्म का इस्तेमाल करता है, जिससे यह Mach 5 से ज्यादा गति वाली हाइपरसोनिक मिसाइलों के खिलाफ भी उपयोगी हो सकता है.
रिपोर्ट के मुताबिक यह नया सिस्टम चीनी नौसेना के HQ-9B लंबी दूरी के मिसाइल सिस्टम, HQ-10 शॉर्ट-रेंज मिसाइल और Type 1130 क्लोज-इन वेपन सिस्टम के बीच मौजूद रक्षा गैप को भरने का काम करेगा. इससे PLA Navy को एक मल्टी-लेयर्ड एयर-डिफेंस नेटवर्क मिलेगा, जो युद्ध के दौरान एयरक्राफ्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप और अन्य नौसैनिक बेड़ों की सुरक्षा को काफी मजबूत करेगा.