Hormuz Strait में 2 वाणिज्यिक जहाजों पर हमला, 2 भारतीय नाविक लापता; भारत ने जताई चिंता 

Hormuz Strait में 2 वाणिज्यिक जहाजों पर हमला, 2 भारतीय नाविक लापता; भारत ने जताई चिंता 

भारत ने 11 अक्टूबर 2026 को Hormuz Strait क्षेत्र में दो वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है. विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, ड्रोन हमले की चपेट में आए टैंकर MT PETRO DOLPHIN पर सवार 11 भारतीय नाविकों में से दो लापता बताए गए हैं. वहीं, मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाले टैंकर MT VALTHERA पर एक unknown projectile से हमला हुआ, जिसके बाद जहाज पर आग लग गई. इस जहाज पर सवार सभी 11 भारतीय नाविक सुरक्षित बताए गए हैं. 

विदेश मंत्रालय ने 11 अक्टूबर को जारी बयान में कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर बार-बार हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय हैं. इन घटनाओं से पहले से अस्थिर स्थिति और बिगड़ने का खतरा है। मंत्रालय ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताया है.

विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक, MT PETRO DOLPHIN पर ड्रोन से हमला किए जाने की सूचना मिली है. जहाज पर 11 भारतीय नाविक सवार थे, जिनमें से दो के लापता होने की खबर है.

केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने भी बताया कि यह हमला ओमान के सोहार बंदरगाह के पास सोहार एंकरेज क्षेत्र में हुआ. उनके अनुसार, जहाज पर सवार 11 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से नौ को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि दो भारतीय नागरिकों की तलाश जारी है. स्थानीय तटरक्षक बल खोज और बचाव अभियान चला रहा है. 

ओमान की राजधानी मस्कट स्थित भारतीय दूतावास स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है. दूतावास ओमानी अधिकारियों और संबंधित जहाज प्रबंधन कंपनियों के साथ समन्वय कर रहा है, ताकि लापता भारतीय नाविकों का पता लगाया जा सके और प्रभावित चालक दल को हर संभव सहायता दी जा सके. 

वीडियो क्रेडिट – FSUI, @FSUIINDIA

इसी दिन मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाले टैंकर MT VALTHERA को भी निशाना बनाया गया। विदेश मंत्रालय के अनुसार, जहाज पर एक अज्ञात प्रक्षेप्य से हमला हुआ, जिससे उसमें आग लग गई. हालांकि, जहाज पर सवार सभी 11 भारतीय नाविक सुरक्षित बताए गए हैं.

मंत्रालय के बयान में हमले के लिए जिम्मेदार पक्ष की पहचान नहीं की गई है. इसलिए फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों जहाजों पर हुए हमलों के पीछे कौन था और क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है.

भारत ने तत्काल तनाव कम करने और कूटनीति पर दिया जोर 

भारत ने क्षेत्र में जारी संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति के माध्यम से निकालने की आवश्यकता दोहराई है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमले बंद होने चाहिए. 

भारत ने अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप समुद्री मार्गों पर नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित तथा निर्बाध आवाजाही बनाए रखने पर भी जोर दिया है. 

मंत्रालय ने आगाह किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमले क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं. भारत ने तत्काल तनाव कम करने और संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *