Philippines सीनेट में गूंजी गोलियों की आवाज, Duterte के करीबी सीनेटर की गिरफ्तारी पर मचा हड़कंप
Philippines की राजनीति में उस समय बड़ा हंगामा मच गया जब संसद भवन के अंदर अचानक गोलियों की आवाजें सुनाई दीं. यह घटना फिलीपींस सीनेट में उस वक्त हुई, जब पूर्व राष्ट्रपति Rodrigo Duterte के करीबी सहयोगी और सीनेटर Ronald dela Rosa को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही थी.
रॉनाल्ड डेला रोजा पर इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) ने “क्राइम्स अगेंस्ट ह्यूमैनिटी” यानी मानवता के खिलाफ अपराधों का आरोप लगाया है. आरोप है कि उन्होंने दुतेर्ते सरकार के दौरान चलाए गए विवादित “वॉर ऑन ड्रग्स” अभियान में कथित फर्जी मुठभेड़ों और हजारों हत्याओं में अहम भूमिका निभाई थी.
किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जैसे ही सुरक्षा एजेंसियां सीनेट परिसर में पहुंचीं, वहां अफरा-तफरी मच गई. कुछ वीडियो में लोग भागते और छिपते नजर आए, जबकि भारी हथियारों से लैस सुरक्षाबल संसद भवन के अंदर दाखिल होते दिखाई दिए. इसी दौरान गोली चलने की आवाजें सुनाई दीं. हालांकि अब तक किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है.
डेला रोजा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए सीनेट में शरण ली हुई थी और अपने समर्थकों से अपील की थी कि उन्हें ICC के हवाले न होने दिया जाए. उन्होंने कहा कि अगर उन पर मुकदमा चलाना है तो फिलीपींस में चलाया जाए, किसी विदेशी अदालत में नहीं.
इस पूरे घटनाक्रम ने फिलीपींस की राजनीति को और ज्यादा गरमा दिया है. राष्ट्रपति Ferdinand Marcos Jr. ने गोलीबारी की घटना की जांच के आदेश दिए हैं. वहीं, यह मामला पूर्व राष्ट्रपति दुतेर्ते और उनके समर्थकों बनाम मौजूदा सरकार के बीच बढ़ते राजनीतिक टकराव के रूप में भी देखा जा रहा है.