भारतीय नौसेना को मिला बड़ा बूस्ट! ‘SHACHI’ NGOPV जहाज हुआ लॉन्च, समुद्री सुरक्षा होगी और मजबूत
गोवा में भारत की समुद्री ताकत को बढ़ाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है. भारतीय नौसेना के लिए 11 नेक्स्ट जेनरेशन ऑफशोर पेट्रोल वेसल (NGOPV) प्रोजेक्ट के तहत पहला जहाज ‘SHACHI’ (Yard 1280) 31 मार्च 2026 को लॉन्च कर दिया गया.
इस कार्यक्रम का आयोजन Goa Shipyard Limited (GSL), गोवा में पारंपरिक नौसैनिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया. इस दौरान नौसेना के उप प्रमुख Vice Admiral Tarun Sobti भी मौजूद रहे, जिनकी उपस्थिति में शगुन सोबती ने जहाज को औपचारिक रूप से लॉन्च किया.

यह NGOPV प्रोजेक्ट भारत के दो प्रमुख शिपयार्ड—Goa Shipyard Limited (गोवा) और Garden Reach Shipbuilders & Engineers (कोलकाता)—में एक साथ तैयार किया जा रहा है. ये स्वदेशी जहाज भारतीय नौसेना की मौजूदा OPV/NOPV क्षमता को और मजबूत करेंगे.
नए NGOPV जहाजों, जिनमें ‘शाची’ भी शामिल है, को बहु-भूमिकीय ऑपरेशनों के लिए तैयार किया गया है. ये जहाज समुद्री निगरानी और गश्त के साथ-साथ खोज एवं बचाव अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. इसके अलावा, ये अपतटीय संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, समुद्री आपदा राहत (HADR) अभियानों में तेजी से सहायता पहुंचाने और समुद्री लूटपाट (एंटी-पाइरेसी) के खिलाफ कार्रवाई करने में भी सक्षम होंगे.
इन जहाजों के नाम भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरित हैं. ‘शाची’ का अर्थ है “सहायता प्रदान करने वाली”, जो इसके मिशन को भी दर्शाता है. इसके प्रतीक चिन्ह में सप्तऋषि तारामंडल और लाल-सफेद लाइटहाउस शामिल है, जो मार्गदर्शन और सुरक्षा का प्रतीक है.

यह प्रोजेक्ट आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया के तहत स्वदेशी रक्षा निर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.
‘शाची’ NGOPV का लॉन्च भारतीय नौसेना की बढ़ती ताकत और आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन की दिशा में एक बड़ा संकेत है, जो आने वाले समय में भारत की समुद्री सुरक्षा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा.