China-Russia की चुनौती के बीच DARPA कार्यक्रम में Northrop Grumman की बड़ी छलांग

DARPA के ASSERT कार्यक्रम में बड़ी सफलता: Northrop Grumman ने माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स रेडिएशन टेस्टिंग को 10 गुना तेज़ किया

अमेरिकी रक्षा-प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी Northrop Grumman ने माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स टेस्टिंग के क्षेत्र में एक बड़ा तकनीकी कदम उठाया है. कंपनी ने DARPA (Defense Advanced Research Projects Agency) के ASSERT (Advanced Sources for Single-Event Effects Radiation Testing) कार्यक्रम के तहत माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स की रेडिएशन टेस्टिंग प्रक्रिया को अभूतपूर्व रूप से तेज़ करने में सफलता हासिल की है.

यह पहल उन चिप्स और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम्स के लिए बेहद अहम मानी जा रही है, जिन्हें अंतरिक्ष, परमाणु वातावरण और हाई-रेडिएशन युद्धक्षेत्रों में बिना किसी विफलता के काम करना होता है.

क्यों ज़रूरी है माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स टेस्टिंग?

आधुनिक युद्ध और अंतरिक्ष अभियानों की रीढ़ बन चुकी प्रणालियाँ—जैसे सैटेलाइट, मिसाइल डिफेंस सिस्टम और परमाणु कमांड-एंड-कंट्रोल नेटवर्क—बेहद संवेदनशील माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक चिप्स पर निर्भर करती हैं. लेकिन यही चिप्स जब अंतरिक्ष या उच्च-ऊर्जा रेडिएशन के संपर्क में आती हैं, तो इनमें Single-Event Effects (SEE) जैसी गंभीर तकनीकी समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं.

SEE की स्थिति में किसी एक हाई-एनर्जी कण के टकराने मात्र से माइक्रोचिप का लॉजिक बदल सकता है, डेटा करप्ट हो सकता है या पूरा सिस्टम अस्थायी अथवा स्थायी रूप से फेल हो सकता है. सैन्य और परमाणु कमांड सिस्टम जैसे मिशन-क्रिटिकल प्लेटफॉर्म्स में ऐसी गड़बड़ी न केवल ऑपरेशनल फेलियर, बल्कि गलत निर्णय या अनपेक्षित प्रतिक्रिया का कारण भी बन सकती है.

DARPA के ASSERT कार्यक्रम में बड़ी सफलता: Northrop Grumman ने माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स रेडिएशन टेस्टिंग को 10 गुना तेज़ किया
photo-Northrop Grumman

अब तक, इस तरह के रेडिएशन प्रभावों की टेस्टिंग के लिए अमेरिका में केवल कुछ ही सरकारी सुविधाएँ उपलब्ध थीं. इन सीमित संसाधनों के कारण रक्षा और अंतरिक्ष प्रणालियों में इस्तेमाल होने वाली माइक्रोचिप्स की प्रमाणन प्रक्रिया अत्यंत धीमी हो जाती थी. कई मामलों में टेस्टिंग के लिए वर्षों तक इंतज़ार करना पड़ता था, जिससे नई टेक्नोलॉजी के डेप्लॉयमेंट में गंभीर देरी होती थी.

विशेषज्ञों के अनुसार, जैसे-जैसे सैन्य और अंतरिक्ष सिस्टम और अधिक डिजिटल, ऑटोनॉमस और AI-आधारित होते जा रहे हैं, रेडिएशन-हार्डेंड माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स की टेस्टिंग और सर्टिफिकेशन रणनीतिक आवश्यकता बन चुकी है. मौजूदा देरी न केवल लागत बढ़ाती है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े प्रोजेक्ट्स की समयसीमा को भी प्रभावित करती है.

यही वजह है कि अब इस क्षेत्र में नई टेस्टिंग क्षमताओं और इंफ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता को रणनीतिक प्राथमिकता के रूप में देखा जा रहा है, ताकि भविष्य की सैन्य और अंतरिक्ष प्रणालियाँ किसी भी रेडिएशन-आधारित खतरे के बावजूद भरोसेमंद और सुरक्षित बनी रह सकें.

Northrop Grumman की नई उपलब्धि

DARPA के ASSERT कार्यक्रम के तहत Northrop Grumman ने एक ऐसा कॉम्पैक्ट और सुरक्षित लैब-आधारित टेस्टिंग सिस्टम विकसित किया है, जो वास्तविक रेडिएशन परिस्थितियों का सटीक सिमुलेशन कर सकता है.

कंपनी के अनुसार, माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स टेस्टिंग की गति लगभग 10 गुना तक बढ़ाई जा सकती है. अब भारी-भरकम और सीमित सरकारी सुविधाओं पर निर्भरता कम होगी. टेस्टिंग को डिजाइन और डेवलपमेंट के शुरुआती चरण में ही शामिल किया जा सकेगा. इससे चिप्स की क्वालिफिकेशन, वेरिफिकेशन और डिप्लॉयमेंट प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक तेज़ हो जाएगी.

DARPA ASSERT कार्यक्रम का रणनीतिक महत्व

DARPA का ASSERT प्रोग्राम अमेरिकी रक्षा तंत्र के लिए डिएशन-हार्ड माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स को तेजी से विकसित और प्रमाणित करने पर केंद्रित है.

इसका सीधा लाभ अगली पीढ़ी के सैन्य सैटेलाइट, हाइपरसोनिक सिस्टम, न्यूक्लियर और स्ट्रैटेजिक प्लेटफॉर्म को मिलेगा, जहां विश्वसनीयता और समय दोनों निर्णायक कारक होते हैं.

Northrop Grumman की यह पहल अमेरिका की डिफेंस इंडस्ट्रियल बेस को मजबूत करने के साथ-साथ चीन और रूस जैसे देशों की बढ़ती तकनीकी प्रतिस्पर्धा के बीच अमेरिकी सैन्य बढ़त को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएगी.

Northrop Grumman द्वारा DARPA के साथ मिलकर माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स टेस्टिंग में लाई गई यह तेजी केवल एक तकनीकी सुधार नहीं, बल्कि भविष्य की रक्षा और अंतरिक्ष प्रणालियों की विश्वसनीयता, गति और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम मानी जा रही है.

One thought on “China-Russia की चुनौती के बीच DARPA कार्यक्रम में Northrop Grumman की बड़ी छलांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *