PM नरेंद्र मोदी ने LNJP जाकर लालकिले के पास हुए विस्फोट के घायलों से की मुलाकात,कहा– “दोषियों को सजा दी जाएगी”
राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लालकिले के पास 10 नवंबर को हुए भीषण कार विस्फोट के बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की. उन्होंने पीड़ितों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनकी सेहत और इलाज की जानकारी ली.
प्रधानमंत्री मोदी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि सरकार इस घटना के पीछे के षड्यंत्र को पूरी तरह बेनकाब करेगी.
उन्होंने सख्त शब्दों में कहा,-
“इस षड्यंत्र के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा.”
प्रधानमंत्री ने X पर एक पोस्ट में लिखा —
“एलएनजेपी अस्पताल जाकर दिल्ली में हुए विस्फोट में घायल हुए लोगों से मिला. सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. इस षड्यंत्र के पीछे जो लोग हैं उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा.”
जांच और सुरक्षा कदम

विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई है और 20 से अधिक घायल हुए हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कार में लगाए गए विस्फोटक उपकरण को “रिमोट-एक्टिवेशन” से उड़ाया गया था, जिससे यह आतंकवादी साजिश की ओर इशारा करता है.
इस बीच, दिल्ली पुलिस, NIA और अन्य केंद्रीय एजेंसियों की टीमें मौके पर जांच में जुटी हैं. राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) स्तर पर एक उच्चस्तरीय बैठक भी बुलाई गई है.
अस्पताल में प्रधानमंत्री की मुलाकात

प्रधानमंत्री के साथ दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारी भी मौजूद रहे. एलएनजेपी अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें सभी घायलों की स्थिति से अवगत कराया. प्रधानमंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि घायल व्यक्तियों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहे.
सरकार की सख्त चेतावनी

सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह “सिर्फ एक आतंकी हमला नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा को चुनौती देने वाला षड्यंत्र” है.
प्रधानमंत्री के निर्देश पर गृह मंत्रालय ने विशेष जांच दल (SIT) गठित कर दी है, जो विस्फोट की तकनीकी व डिजिटल जांच भी करेगी.
2 thoughts on “PM नरेंद्र मोदी ने LNJP जाकर लालकिले के पास हुए विस्फोट के घायलों से की मुलाकात,कहा– “दोषियों को सजा दी जाएगी””