Mexico में Gen-Z का उभार: मेयर की हत्या के बाद देश-भर में हिंसक विरोध, सरकार पर बढ़ा दबाव

Mexico में मेयर कार्लोस मंज़ो की हत्या के बाद Gen-Z नेतृत्व वाले हिंसक विरोध भड़क गए।

Mexico में राष्ट्रपति क्लॉडिया शिनबौम की सरकार के खिलाफ Gen-Z नेतृत्व वाले बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन भड़क उठे हैं. इन प्रदर्शनों की शुरुआत मिचोआकन राज्य के उरुआपान शहर के मेयर कार्लोस अल्बेरतो मंज़ो की निर्मम हत्या के बाद हुई.

मंज़ो को ड्रग-कार्टेल्स के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने के लिए जाना जाता था. उनकी हत्या ने पूरे देश में सुरक्षा-व्यवस्था और न्याय प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

1 नवंबर को मेयर मंज़ो की गोली मारकर हत्या कर दी गई. स्पेनिश अख़बार El País और AP News की रिपोर्ट के अनुसार, हत्या के पीछे स्थानीय आपराधिक गिरोहों की भूमिका मानी जा रही है. यह वही गिरोह हैं जिनसे टकराने वाले नेताओं, पत्रकारों और अफसरों को पहले भी निशाना बनाया जाता रहा है.

यह घटना युवा पीढ़ी—विशेषकर Generation Z—के लिए चिंगारी बन गई. देखते-ही-देखते राजधानी Mexico City, Monterrey और Guadalajara सहित कई शहरों में हजारों युवा सड़कों पर उतर आए.

मेक्सिको सिटी में प्रदर्शनकारियों ने National Palace की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की. पुलिस ने जवाब में आंसू गैस और बल प्रयोग किया. इसके वाबजूद 100 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए और लगभग 40 को अस्पताल ले जाना पड़ा. वहीं 20 नागरिक भी घायल हुए. पुलिस ने अब तक 20 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है

पुलिस का कहना है कि भीड़ में कुछ हुड पहनने वाले समूह हिंसा फैलाने की कोशिश कर रहे थे, जबकि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी खुद भी ऐसी हरकतों से नाखुश थे.

Gen-Z प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगें:

  • मेयर कातिलों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई
  • संगठित अपराध पर सरकार की कड़ा अभियान
  • पुलिस-सुधार और न्याय प्रणाली में तेज और पारदर्शी प्रक्रिया
  • हिंसा-प्रभावित राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना

“Generation Z Mexico” नाम का समूह इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहा है और खुद को गैर-राजनीतिक बताता है.

राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने विरोध प्रदर्शनों को “राजनीतिक रूप से प्रेरित” बताया है. सरकार का कहना है कि कुछ विपक्षी दल और सोशल मीडिया पर सक्रिय ऑनलाइन बॉट नेटवर्क Gen-Z के आक्रोश को भड़काने और बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं. हालाँकि, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह आंदोलन किसी दल का नहीं, बल्कि सुरक्षा-विफलता और भ्रष्ट तंत्र के खिलाफ युवा पीढ़ी की आवाज है.

मेक्सिको पिछले कई दशकों से ड्रग-कार्टेल हिंसा से जूझ रहा है. नवीनतम आँकड़ों के अनुसार, हर साल हजारों लोग अपराध से जुड़े मामलों में मारे जाते हैं. कई सांसद, मेयर और पत्रकार सुरक्षा-चुनौतियों के चलते निशाना बन चुके हैं.

Gen-Z — जो डिजिटल-युग की, शिक्षित और ज्यादा मुखर युवा पीढ़ी है — अब इस हिंसा और भ्रष्टाचार को और सहने के मूड में नहीं दिख रही. यह आंदोलन देश के भीतर एक नई राजनीतिक चेतना का संकेत माना जा रहा है.

मेक्सिको में उभर रहा Gen-Z विरोध सिर्फ एक हत्या के प्रति प्रतिक्रिया नहीं है — यह देश की दो बड़ी समस्याओं संगठित अपराध और शासन-विफलता को लेकर बढ़ते असंतोष का विस्फोट है.

अब सवाल यह है कि क्या मेक्सिको की सरकार इस असंतोष को शांत कर पाएगी? या यह Gen-Z आंदोलन देश में राजनीतिक बदलाव का कारण बनेगा?

फिलहाल इतना तय है कि मंज़ो की हत्या ने मेक्सिको के युवा वर्ग को एक ऐसी लड़ाई के लिए प्रेरित कर दिया है, जो अब पूरी दुनिया की निगाहों में है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *